Home छत्तीसगढ़ एनएमडीसी स्थानीय अधिकारों की हुंकार: भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने निकाली बाइक...

एनएमडीसी स्थानीय अधिकारों की हुंकार: भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने निकाली बाइक रैली, 10 अक्टूबर तक कार्रवाई का अल्टीमेटम

0

रोजगार में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रभावित गांवों के विकास तक उठी आवाज; मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा बचेली : किरंदुल स्थानीय एवं प्रभावित क्षेत्र के अधिकार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी मांगों को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने गुरुवार को बचेली में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर एसडीएम बचेली के माध्यम से एनएमडीसी किरंदुल-बचेली प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा।

बाइक रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने एनएमडीसी प्रबंधन से स्थानीय लोगों और प्रभावित ग्रामीणों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।

80 फीसदी स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता की मांग

भीम आर्मी ने एनएमडीसी के ठेका एवं आउटसोर्सिंग कार्यों में 80 प्रतिशत स्थानीय मूलनिवासी युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग रखी है। संगठन का कहना है कि क्षेत्र में खनिज संसाधनों और औद्योगिक गतिविधियों का लाभ स्थानीय युवाओं एवं प्रभावित परिवारों को रोजगार के रूप में मिलना चाहिए।

शिक्षा से स्वास्थ्य तक कई मांगें

ज्ञापन में स्थानीय विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षा तथा PSC और UPSC की कोचिंग की व्यवस्था करने की मांग भी शामिल है। इसके साथ ही एनएमडीसी अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर उपचार की सुविधा देने की मांग उठाई गई।

संगठन ने प्रभावित गांवों में CSR के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

10 अक्टूबर तक कार्रवाई की मांग

भीम आर्मी ने एनएमडीसी प्रबंधन से 10 अक्टूबर 2026 तक मांगों पर ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

“स्थानीय लोगों को उनका अधिकार दिलाना हमारा कर्तव्य”

भीम आर्मी एकता मिशन ने कहा कि एनएमडीसी को सौंपा गया ज्ञापन केवल मांगों की सूची नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों, प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों और आसपास के इलाकों में मौजूद मूलभूत समस्याओं की ओर प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास है।

संगठन ने कहा कि स्थानीय क्षेत्रों में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास की सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम किया जाना आवश्यक है। आने वाले दिनों में एनएमडीसी सहित अन्य कंपनियों को उनके सामाजिक एवं क्षेत्रीय दायित्वों का निर्वहन करवाने के लिए संगठन लगातार आवाज उठाएगा। प्रत्येक नागरिक को उसका अधिकार मिले, यही भीम आर्मी एकता मिशन का संकल्प और कर्तव्य है।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सुयल नाग, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हिडमे मरकाम, संभाग उपाध्यक्ष जोन नाथ, दंतेवाड़ा जिला संगठन मंत्री गजेंद्र ताती, जिलाध्यक्ष रामदयाल बारसा, जिला उपाध्यक्ष भवानी तामो, जिला उपाध्यक्ष आशा राम कर्मा, बस्तर जिलाध्यक्ष आशीष कच्छ, जिला उपाध्यक्ष रवि चरण, कोंडागांव जिलाध्यक्ष हेमसिंग मौर्य, जिला उपाध्यक्ष कवल सोढ़ी, बीजापुर जिलाध्यक्ष प्रमोद सोरी, जिला उपाध्यक्ष लखन पुनेम, नारायणपुर जिलाध्यक्ष संतलाल दुग्गा, जिला उपाध्यक्ष मनतेर बड्डे, जिला सचिव डीएम सोनी सहित सभी जिला, ब्लॉक एवं तहसील टीमों के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here