Home छत्तीसगढ़ बारिश ने खोली पालिका प्रशासन की पोल, नहीं सुधरी व्यवस्थाएं

बारिश ने खोली पालिका प्रशासन की पोल, नहीं सुधरी व्यवस्थाएं

0

अधूरे सड़क-नाली निर्माण का खामियाजा भुगत रहे राहगीर।

 सड़क में भरे गंदे पानी को पार करने की मजबूरी।

पैरी नदी के कोपरा एनीकट में युवक के बहने की सूचना।

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- भादो माह में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गरियाबंद जिले में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। वहीं पैरी नदी पर स्थित कोपरा एनीकट में एक युवक के बहने की सूचना है। नदी में तेज बहाव और अधिक पानी होने के कारण युवक की तलाश में जुटी SDRF टीम को अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।

इधर, लगातार बारिश ने गरियाबंद नगर पालिका की बारिश पूर्व तैयारियों और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है। नेशनल हाईवे पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पानी के बीच से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि बारिश से पहले सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण का काम शुरू तो किया गया, लेकिन बारिश आने तक काम पूरा नहीं हो सका। कई जगह सड़क और नाली का निर्माण अधूरा पड़ा है। ऐसे में बारिश का पानी निकलने का रास्ता नहीं मिलने से सड़कें जलमग्न हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि नाली और सड़क निर्माण का काम समय रहते पूरा कर लिया जाता और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाती, तो नगर में इस तरह जलभराव की स्थिति नहीं बनती।

बारिश ने नगर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था को एक बार फिर सामने ला दिया है। अधूरे निर्माण, अव्यवस्थित नालियों और बारिश पूर्व तैयारी की कमी का सीधा खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तत्काल क्या कदम उठाता है और अधूरे सड़क-नाली निर्माण को कब तक पूरा करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here