धनपुर में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम, ग्रामीणों में आक्रोश; पीड़ित परिवार को ₹50 हजार की तत्काल आर्थिक सहायता
कोरिया/सोनहत : जिला कोरिया के सोनहत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रजौली के ग्राम धनपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा में अध्ययनरत मासूम छात्रा कुमारी प्रियांशी पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, वहीं ग्रामीणों में स्कूल बस संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश देखा गया।
हादसे के बाद मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने स्कूली वाहनों की गति, वाहन चालकों की सतर्कता तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली वाहनों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि तत्काल घटनास्थल और पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। जिला पंचायत कोरिया के सभापति सुरेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, नायब तहसीलदार भगत मैडम तथा संकुल समन्वयक कुलदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।
पीड़ित परिवार को ₹50 हजार की सहायता
मासूम की मौत से परिवार पर आए संकट को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति सुरेश सिंह की विशेष पहल पर अंतिम संस्कार एवं अन्य तात्कालिक आवश्यकताओं के लिए पीड़ित परिवार को ₹50,000 की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जांच के बाद दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों एवं सभापति सुरेश सिंह ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति अथवा संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा, बसों की फिटनेस और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मासूम प्रियांशी की मौत से धनपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीण अब मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



