तीन बड़े पुल, पांच गौरव पथ समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की होगी शुरुआत; करीब 7 करोड़ की लागत से निर्मित पुल का हुआ लोकार्पण
एमसीबी,खड़गवां। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कदरेवा में शनिवार को करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर उन्होंने स्वयं फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रामीणों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
तीन बड़े पुलों से सुगम होगा आवागमन
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया और गौरव पथ सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर तीन बड़े पुलों का भूमि पूजन किया जा रहा है। इनमें एक पुल के निर्माण पर लगभग 5 करोड़ रुपये, दूसरे पुल पर करीब 3 करोड़ रुपये तथा तीसरे पुल के निर्माण पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।इन पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। विशेषकर बरसात के मौसम में नदी-नालों के कारण ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
पांच गौरव पथ भी होंगे तैयार
मंत्री के अनुसार क्षेत्र में 5 गौरव पथ के निर्माण कार्य भी प्रस्तावित हैं। सड़क एवं गौरव पथ के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के साथ-साथ स्थानीय बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इन सभी विकास कार्यों को मिलाकर करीब 25 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया है। इसके अलावा करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण भी किया गया।
बरसात में ग्रामीणों को मिलेगी राहत
ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क और पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही थी। बरसात के दिनों में नदी-नालों में पानी बढ़ने और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रस्तावित पुल और सड़क निर्माण कार्यों को ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।निर्माण कार्य पूरे होने के बाद ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता : जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सड़क, पुल-पुलिया और गौरव पथ जैसे निर्माण कार्य केवल आवागमन को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और पुल की सुविधा मिलने से ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही आसान होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए लोगों को बेहतर आवागमन और विकास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। विकास कार्यों की शुरुआत को लेकर भरी बरसात में भी ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने क्षेत्र में निर्माण कार्यों की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विकास कार्य एक नजर में
मुख्य मार्ग से अंबेडकर पारा
सीसी सड़क सह नाली निर्माण
200 मीटर ₹23.91 लाख, हरि सेठ दुकान से करवां पहुंच मार्ग सीसी सड़क सह नाली निर्माण 300 मीटर ₹32.29 लाख, दुकानपारा से बड़का पारा अंगद पहुंच मार्ग
सीसी सड़क सह नाली निर्माण ₹31.46 लाख, मेरो, कदरेंवा PWD रोड से छाताडांड
वृहद पुल निर्माण 60 मीटर ₹384.26 लाख, ब्रहमपुर कदरेंवा PMGSY रोड से नवापारा स्कूल मार्ग वृहद पुल निर्माण 60 मीटर ₹184.94 लाख रहा जिसकी
कुल स्वीकृत राशि: ₹656.86 लाख (लगभग ₹6.57 करोड़) है।





