Home छत्तीसगढ़ 6 महीने से बंद पड़े सोलर पंप, शिकायत के बाद भी नहीं...

6 महीने से बंद पड़े सोलर पंप, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

0

तुमडी बाहर और बासीन के ग्रामीण पेयजल समस्या से परेशान, क्रेडा विभाग से वनांचल क्षेत्र में टेक्नीशियन व शिकायत शाखा की मांग

संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी :  नगरी ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र में सौर ऊर्जा से संचालित पेयजल व्यवस्था लंबे समय से ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत ठेनही के आश्रित ग्राम तुमडी बाहर बासीन में सोलर पंप नल कनेक्शन लगभग 6 महीने से बंद पड़ा है। ग्रामीण पेयजल के लिए दूसरे मोहल्लों की ओर जाने को मजबूर हैं।ग्राम पंचायत ठेनही के सभापति दिनेश यादव ने बताया कि सरपंच ज्योति सोम उपसरपंच, रूपेशवर नाग व भूनेश्वरी यादव पंचायत जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार क्रेडा विभाग को सोलर पंप की समस्या से अवगत कराया जा रहा है। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के साथ-साथ वर्तमान समय में भी वार्डवासियों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसी तरह बासीन की वार्ड पंच टिकेश्वरी रवि नेताम ने बताया कि लगभग 6 महीने पहले सोलर पंप की मोटर को क्रेडा विभाग के कर्मचारी निकालकर ले गए थे। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल्द ही मोटर की मरम्मत कर वापस लगा दी जाएगी, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी मोटर वापस नहीं लाई गई है। इससे गांव में पेयजल की समस्या बनी हुई है।

वनांचल क्षेत्र के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों कि ओर से सभापति दिनेश यादव ने उक्त समस्याओं को देखते हुए,जिला क्रेडा कार्यलय धमतरी पहुँचकर विभाग अधिकारी से मांग की है ,नगरी ब्लॉक के वनांचल क्षेत्रों के लिए स्थायी टेक्नीशियन की व्यवस्था की जाए, ताकि सोलर पंप, सौर पैनल एवं नल कनेक्शन में आने वाली तकनीकी खराबियों का समय-समय पर मेंटेनेंस किया जा सके।उन्होंने कहा कि नगरी ब्लॉक के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में छोटी-छोटी तकनीकी खराबियों के कारण सोलर पंप महीनों तक बंद पड़े रहते हैं। इसलिए नगरी ब्लॉक स्तर पर अलग शिकायत शाखा/मेंटेनेंस व्यवस्था शुरू करना आवश्यक है, जिससे ग्रामीणों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण हो सके।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तुमडी बाहर और बासीन के बंद पड़े सोलर पंपों को तत्काल चालू कराने तथा वनांचल क्षेत्र में नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here