Home छत्तीसगढ़ लापरवाही की कीमत मासूम की जान! स्कूल का जर्जर गेट गिरा, 7...

लापरवाही की कीमत मासूम की जान! स्कूल का जर्जर गेट गिरा, 7 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत

0

धरसीवा/सिमगा: राजधानी रायपुर से लगे क्षेत्र में स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही का दर्दनाक मामला सामने आया है। सिमगा तहसील के हथबंद गांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के जर्जर पिलर में लगा लोहे का मुख्य गेट अचानक गिर गया। गेट की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम शिवम यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

रिश्तेदारों के यहां आया था मासूम

जानकारी के मुताबिक, शिवम यादव, पिता नन्हीं यादव, निवासी रतनपुर, बिलासपुर अपने रिश्तेदारों के यहां हथबंद आया हुआ था। शनिवार को वह स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुख्य गेट के सामने खेल रहा था।

इसी दौरान लंबे समय से जर्जर बताए जा रहे पिलर से लगा भारी लोहे का गेट अचानक भरभराकर शिवम के ऊपर गिर गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना इतनी दर्दनाक थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने पहले ही जताई थी चिंता

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल के मुख्य गेट का पिलर लंबे समय से जर्जर हालत में था। ग्रामीणों द्वारा इसकी मरम्मत कराने की मांग भी की जा रही थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।

अब इसी कथित लापरवाही का खामियाजा एक सात वर्षीय मासूम को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

एडीएम ने दिए जांच के आदेश

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिमगा एडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह स्पष्ट होगा कि स्कूल के गेट और जर्जर पिलर की स्थिति की जानकारी प्रबंधन को थी या नहीं और सुरक्षा के लिए पहले क्या कदम उठाए गए थे।

हादसे ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि बच्चों और आम लोगों की आवाजाही वाले सरकारी स्कूल परिसरों में सुरक्षा मानकों की निगरानी कितनी गंभीरता से की जा रही है। अब जांच के बाद यह तय होगा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here