Home छत्तीसगढ़ खरोरा:तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, नारी सम्मान एवं पारिवारिक एकता का प्रतीक...

खरोरा:तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, नारी सम्मान एवं पारिवारिक एकता का प्रतीक – अजय कुमार वर्मा

0

खरोरा :  छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व एवं महिलाओं की आस्था से जुड़े पावन तिहार तीजा के अवसर पर श्री वक्रतुंड महाकाय मित्र शक्ति मंडल, खरोरा द्वारा नगर पंचायत खरोरा में भव्य तीजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष श्री अजय कुमार वर्मा साथ में अजय देवांगन जिला सदस्यता प्रभारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, नारी सम्मान और पारिवारिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ता है। तीजा के अवसर पर माताएं और बहनें परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करती हैं। छत्तीसगढ़ में इस पर्व का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह बेटियों और उनके मायके के बीच प्रेम, स्नेह और आत्मीयता के रिश्ते को और मजबूत करता है।

उन्होंने आगे कहा कि आज आधुनिकता के दौर में हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को सहेजकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। श्री वक्रतुंड महाकाय मित्र शक्ति मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि हमारी संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का भी एक सराहनीय प्रयास है। मैं सभी माताओं-बहनों, प्रतिभागियों, आयोजकों एवं पुलिस थाना खरोरा का इस सफल आयोजन के लिए हृदय से अभिनंदन करता हूं तथा सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं युवतियों के लिए विभिन्न पारंपरिक खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें पोरा दौड़, मड़का फोड़, नारियल फेंक, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ सहित अनेक रोचक प्रतियोगिताएं शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली दीदी-बहनों को विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं पुलिस थाना खरोरा की ओर से भी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को विशेष पुरस्कार एवं प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने सराहना की।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन आयोजन समिति के अध्यक्ष सन्नी सिंह, उपाध्यक्ष निलेश देवांगन, संयोजक सजल वर्मा, भावेश वर्मा तथा समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तीजा तिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करना, महिलाओं को सम्मानित करना तथा समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here