अंबिकापुर: शहर के बौरीपारा इलाके में IPS अधिकारी के बेटे से कथित मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक लेकर गई। इस दौरान शहर में उनका जुलूस भी निकाला गया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के बीच अपराधियों का भय कम करना और कानून का संदेश देना है।
तालाब के पास कार रोकने के बाद शुरू हुआ विवाद
मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा स्थित दोस्त प्रिंस गुप्ता के घर जा रहा था।
प्रिंस के घर से कुछ दूरी पहले बौरीपारा तालाब के पास लेखांश ने कार रोक दी। वहां पहले से गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत कुछ युवक मौजूद थे। लेखांश कार से उतरकर मोबाइल फोन पर अपने दोस्त प्रिंस से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बातचीत में गोलू गणेश का नाम आने के बाद विवाद शुरू होने का आरोप है।
‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल’ कहने पर बढ़ा विवाद
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, रतन गुप्ता और कोया डॉन ने लेखांश से गाली-गलौज करते हुए कथित तौर पर कहा कि ‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल।’ इसके बाद मामला तेजी से बढ़ गया।
आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ हाथ-मुक्कों, बेल्ट और कड़े से मारपीट की।
सिर और चेहरे पर चोट, गला दबाने का भी आरोप
शिकायत के अनुसार, मारपीट में लेखांश के सिर, चेहरे और कनपटी पर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान एक आरोपी ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे आरोपियों से छुड़ाया।
लेखांश ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उसे धमकी भी दी गई। शिकायत में आरोप है कि युवकों ने कहा कि ‘तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा?’
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने निकाला जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक पैदल ले जाया। इस दौरान शहर में उनका जुलूस भी निकाला गया।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय और आम लोगों के मन से अपराधियों का खौफ खत्म करना है। मामले में पुलिस की जांच आगे भी जारी है।
सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है IPS का बेटा
शिकायतकर्ता लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला के खटिकपारा इलाके में रहता है और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करता है। वहीं उसके पिता IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। रवि कुर्रे पूर्व में कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं।




