Home छत्तीसगढ़ कठौतिया में उल्लास साक्षरता पखवाड़े ने जगाया शिक्षा का उजियारा, परिवार से...

कठौतिया में उल्लास साक्षरता पखवाड़े ने जगाया शिक्षा का उजियारा, परिवार से गांव तक पहुंचा साक्षरता का संदेश

0

विविध गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने बुजुर्गों, माताओं एवं सास को साक्षर बनाने का लिया संकल्प

एमसीबी : राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंकित सोम शर्मा के निर्देशन में जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 1 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक साक्षरता पखवाड़े का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विकासखंड मनेंद्रगढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया में पखवाड़े के दौरान साक्षरता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।

उल्लास शपथ से हुआ शुभारंभ
पखवाड़े का शुभारंभ उल्लास शपथ के साथ हुआ। ‘उल्लास गृहकार्य’ के अंतर्गत माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला कठौतिया के छात्र-छात्राओं ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी को बुनियादी अक्षर ज्ञान कराने का प्रयास किया। वहीं ‘गौरव के क्षण’ कार्यक्रम में साक्षर हुई महिला को उसके नाती द्वारा मंच तक ले जाकर ब्लैक बोर्ड पर हस्ताक्षर कराया गया। यह क्षण साक्षरता के महत्व और शिक्षा की शक्ति को दर्शाने वाला रहा।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा उल्लास साक्षरता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर दिखी प्रतिभा
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडेय एवं उल्लास कार्यक्रम के जिला परियोजना अधिकारी गणेश यादव की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला, रंगोली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की विशेष प्रशंसा की। इस दौरान मानव श्रृंखला बनाकर उल्लास शपथ ली गई और साक्षरता संबंधी नारों से शाला परिसर गूंज उठा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।

महिला और डिजिटल साक्षरता पर रहा विशेष जोर
महिला साक्षरता गतिविधि के अंतर्गत गांव की पढ़ी-लिखी बहुओं द्वारा अपनी सास को तथा बेटियों द्वारा अपनी मां को साक्षर बनाने का प्रयास किया गया। वाचन दिवस पर सभी शिक्षार्थियों ने पुस्तक वाचन किया। बैगलेस डे के अवसर पर साइकिल रैली निकाली गई।व्यावसायिक एवं डिजिटल साक्षरता के तहत ग्राम प्रभारी एवं शिक्षक योगेश कुमार लहंगीर ने ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। हिंदी दिवस पर साक्षरता विषय पर नारा लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। पखवाड़े के दौरान निर्देशित सभी गतिविधियों का प्रभावी रूप से पालन किया गया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षक एवं स्वयंसेवी हुए सम्मानित
आज कलेक्टर कार्यालय मनेंद्रगढ़ के सभाकक्ष में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं श्रीमती तारा राज किशोरी मिंज, श्रीमती मनीषा पांडेय, श्रीमती प्रीति राय, योगेश कुमार लहंगीर एवं श्रीमती उर्मिला सिंह तथा स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने उल्लास कार्यक्रम की सभी गतिविधियों के सफल संचालन की सराहना की।
इस अवसर पर शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा उल्लास कार्यक्रम से संबंधित सामूहिक छायाचित्र एवं स्मृति चिन्ह कलेक्टर को भेंट किया गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा उल्लास साक्षरता दीपक जलाकर पखवाड़े का समापन किया गया। कठौतिया में आयोजित यह अभियान परिवार से गांव तक शिक्षा का उजियारा फैलाने और समाज को साक्षरता के प्रति जागरूक करने की प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here