Home छत्तीसगढ़ PM आवास विवाद में अब रामविचार नेताम की एंट्री, कांग्रेस पर लगाए...

PM आवास विवाद में अब रामविचार नेताम की एंट्री, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

0

 

रायपुर : छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी घमासान जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच पीएम आवास के आंकड़ों और योजना के क्रियान्वयन को लेकर हुई खुली बहस के बाद अब मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। दोनों नेताओं के बीच 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में खुली बहस हुई थी, जिसमें आवासों की संख्या, लक्ष्य और केंद्र-राज्य की भूमिका को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए।

कांग्रेस सरकार पर लगाए गरीबों के साथ अन्याय के आरोप

मंत्री रामविचार नेताम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना का काम रोककर रखा गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान गरीबों के साथ अन्याय हुआ।

नेताम के मुताबिक, भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने का वादा किया था और सरकार बनने के बाद इस दिशा में काम किया गया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस आश्वासन का भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ में जहां आवास की जरूरत होगी, वहां आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

PM आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से ही आंकड़ों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। 15 सितंबर की बहस में भी दोनों पक्षों ने अपने-अपने आंकड़े सामने रखे और एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए।

पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। वहीं कांग्रेस ने इस दिन को महंगाई दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।

इसी को लेकर रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नाम से कांग्रेस के कपड़े गीले हो जाते हैं।”

नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने की भी कही बात

मंत्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वह भी ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यों को देश के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिलने पर लोग गर्व महसूस करते हैं।

इस बीच पीएम आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक बहस आने वाले दिनों में भी तेज रहने के आसार हैं। दोनों पक्ष योजना से जुड़े आंकड़ों और अपने-अपने कार्यकाल के प्रदर्शन को लेकर लगातार दावे कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here