Home छत्तीसगढ़ CM साय ने श्रमिक सम्मेलन में खोला घोषणाओं का पिटारा, ई-बाइक से...

CM साय ने श्रमिक सम्मेलन में खोला घोषणाओं का पिटारा, ई-बाइक से सुविधा केंद्र तक 3 बड़े ऐलान

0

रायपुर: विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रमिक सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिकों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें श्रमिक सुविधा केंद्र की शुरुआत, डिलीवरी श्रमिकों को ई-बाइक के लिए सहायता और ई-रिक्शा खरीदने पर अनुदान बढ़ाना शामिल है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने परिश्रम से प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

श्रमिकों के लिए बनेगा सर्वसुविधायुक्त केंद्र

मुख्यमंत्री ने रायपुर शहर में श्रमिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त श्रमिक सुविधा केंद्र शुरू करने की घोषणा की। केंद्र में श्रमिकों के बैठने सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

साय ने कहा कि काम की तलाश में दूसरे क्षेत्रों से शहर आने वाले श्रमिकों को कई बार बैठने और ठहरने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे श्रमिकों के लिए सुविधा केंद्र उपयोगी साबित होगा।

डिलीवरी श्रमिकों को ई-बाइक के लिए मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने सामान की डिलीवरी का काम करने वाले श्रमिकों के लिए ई-बाइक खरीदने में विशेष सहायता देने की योजना लागू करने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रमिक और युवा आज डिलीवरी के काम से जुड़े हुए हैं। ई-बाइक मिलने से उनका काम आसान होगा और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।

ई-रिक्शा पर अनुदान हुआ दोगुना

असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री ने एक और अहम घोषणा की। ऑटो या ई-रिक्शा खरीदने वाले श्रमिकों को सरकार की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख करने का ऐलान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ी हुई सहायता से श्रमिकों को अपना रोजगार शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

‘श्रम का देश में विशेष महत्व’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत में श्रम का विशेष महत्व है। श्रमिक अपने परिश्रम से देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निर्माण, उद्योग और सेवा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिकों का योगदान अहम है। सरकार का प्रयास है कि उन्हें सम्मान के साथ बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

PM मोदी को बताया आधुनिक भारत का विश्वकर्मा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘आधुनिक भारत का विश्वकर्मा’ बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश के विकास और निर्माण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

PF और UAN का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के भविष्य से जुड़े प्रोविडेंट फंड (PF) का उल्लेख करते हुए कहा कि PF नंबर को यूनिवर्सल किए जाने से श्रमिकों को लाभ मिला है। अब किसी श्रमिक के एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने पर भी उसका UAN वही रहता है और PF की सुविधा जारी रहती है।

श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहन दे रही है। कक्षा 10वीं और 12वीं में अच्छे अंक हासिल करने वाले श्रमिकों के बच्चों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि विदेश में पढ़ाई करने वाले श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की दिशा में भी सरकार तैयारी कर रही है।

1.45 लाख श्रमिकों को 26 योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 1 लाख 45 हजार श्रमिकों को 26 योजनाओं के तहत लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने का काम लगातार किया जा रहा है।

एक दीप जलाकर PM मोदी को जन्मदिन की बधाई देने की अपील

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर श्रमिकों से एक-एक दीपक जलाकर उन्हें बधाई देने की अपील भी की।

राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन समेत बड़ी संख्या में मंत्री, वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में श्रमिकों के सम्मान और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here