Home छत्तीसगढ़ झगराखांड में वृद्धाश्रम का शुभारंभ, बुजुर्गों को मिलेगा आश्रय और बेहतर देखभाल...

झगराखांड में वृद्धाश्रम का शुभारंभ, बुजुर्गों को मिलेगा आश्रय और बेहतर देखभाल का सहारा

0

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया उद्घाटन, बोले—वृद्धजनों की सेवा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

झगराखांड :  नगर पंचायत झगराखांड में बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम का शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने आयोजित कार्यक्रम में विधिवत वृद्धाश्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।वृद्धाश्रम के शुरू होने से क्षेत्र के ऐसे बुजुर्गों को आश्रय, देखभाल एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल हुई है, जिन्हें सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था की आवश्यकता है। वृद्धाश्रम में जरूरतमंद वृद्धजनों को सुरक्षित वातावरण में रहने के साथ उनकी दैनिक आवश्यकताओं और देखभाल की व्यवस्था उपलब्ध कराने का उद्देश्य रखा गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि वृद्धजन समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और योगदान का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और बेहतर जीवन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसी भावना के साथ झगराखांड में वृद्धाश्रम का शुभारंभ किया जा रहा है।मंत्री ने कहा कि वृद्धाश्रम में निवास करने वाले बुजुर्गों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि बुजुर्गों को उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए परेशान न होना पड़े।उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे समय-समय पर वृद्धाश्रम पहुंचकर यहां रहने वाले बुजुर्गों से मुलाकात करें, उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सुनें तथा यथासंभव उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि बुजुर्गों को सम्मान, अपनापन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का माध्यम बनना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने वृद्धाश्रम में उपस्थित वृद्धजनों से मुलाकात की और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।वृद्धाश्रम के शुभारंभ को स्थानीय स्तर पर बुजुर्गों के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से जरूरतमंद वृद्धजनों को आश्रय एवं देखभाल की सुविधा मिलने के साथ समाज में वृद्धजनों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here