एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा : शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा की एम.कॉम. बैच 2024–25 की छात्रा उमेश्वरी बघेल ने वाणिज्य विषय में यूजीसी नेट (UGC NET) परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गुरुजनों, वाणिज्य विभाग तथा महाविद्यालय समुदाय में हर्ष का माहौल है।उमेश्वरी बघेल की यह सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है, क्योंकि वे महाविद्यालय के एम.कॉम. के प्रथम पास-आउट बैच की छात्रा हैं। सीमित संसाधनों के बीच निरंतर मेहनत, लगन, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।उनकी सफलता पर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
विभाग ने कहा कि उमेश्वरी की उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है और यह सफलता उनके उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उमेश्वरी बघेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों के सहयोग तथा स्वयं की निरंतर मेहनत को दिया। महाविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।




