Home मनोरंजन मृणाल ठाकुर की 4 साल से अटकी थ्रिलर फिल्म अब होगी रिलीज,...

मृणाल ठाकुर की 4 साल से अटकी थ्रिलर फिल्म अब होगी रिलीज, जानिए कब और कहां देख सकते हैं ‘पूजा मेरी जान’

0

मनोरंजन डेस्क :  मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी की चर्चित फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ आखिरकार दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार है। करीब चार साल से रिलीज का इंतजार कर रही यह फिल्म अब सिनेमाघरों के बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देगी। फिल्म का काम साल 2022 में ही पूरा हो गया था और पोस्ट प्रोडक्शन भी पूरा किया जा चुका था, लेकिन किन्हीं वजहों से इसकी रिलीज टलती रही।

अब मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी करते हुए इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।

इस OTT प्लेटफॉर्म पर होगी ‘पूजा मेरी जान’ की स्ट्रीमिंग

नवजोत गुलाटी के निर्देशन में बनी ‘पूजा मेरी जान’ ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होगी। प्लेटफॉर्म की ओर से फिल्म का टीजर जारी किया गया है। इसके साथ बताया गया है कि फिल्म 2 अक्टूबर 2026, यानी गांधी जयंती के मौके पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी।

फिल्म के ऐलान के साथ शेयर किए गए संदेश में इसे ऐसी कहानी बताया गया है, जो दर्शकों को सिर्फ घटनाओं पर नहीं बल्कि अपनी मान्यताओं और सोच पर भी सवाल उठाने के लिए मजबूर कर सकती है।

36 सेकेंड के टीजर में दिखी प्यार और जुनून की झलक

दिनेश विजान और अमर कौशिक द्वारा निर्मित इस फिल्म का 36 सेकेंड का टीजर हाल ही में जारी किया गया है। टीजर में प्यार, जुनून, आरोप और पूर्वाग्रहों के बीच उलझती कहानी की झलक देखने को मिलती है।

टीजर की शुरुआत एक मैसेज से होती है— ‘डियर पूजा, अगर तुम हां बोल दो तो हमारा प्यार इतिहास बनाएगा और अगर तुमने ना कहा तो मैं इतिहास बन जाऊंगा।’

हालांकि इतने छोटे टीजर से फिल्म की पूरी कहानी का अंदाजा लगाना मुश्किल है, लेकिन यह संकेत जरूर मिलता है कि फिल्म की कहानी एक जटिल प्रेम संबंध और उसके परेशान करने वाले पहलुओं के इर्द-गिर्द घूमती है।

वकील के किरदार में हुमा, टॉक्सिक रिश्ते में मृणाल

फिल्म में हुमा कुरैशी एक वकील की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि मृणाल ठाकुर एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो टॉक्सिक प्यार के जाल में उलझी हुई है। फिल्म को लव स्टोरी और थ्रिलर के मिश्रण के तौर पर पेश किया जा रहा है।

टीजर सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म की पूरी कहानी और दोनों अभिनेत्रियों के किरदारों पर टिकी है।

मृणाल और हुमा का वर्क फ्रंट

मृणाल ठाकुर के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह 2026 में अब तक ‘है जवानी तो इश्क होना है’, ‘डकैत: ए लव स्टोरी’ और ‘दो दीवाने सहर में’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में उनके साथ वरुण धवन और पूजा हेगड़े दिखाई दिए थे, जबकि ‘डकैत: ए लव स्टोरी’ में वह अदिवि शेष के साथ नजर आईं। ‘दो दीवाने सहर में’ में उन्होंने सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ काम किया।

वहीं हुमा कुरैशी ‘बेबी डू डाय डू’ और ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ में नजर आई हैं। ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं।

अब चार साल से अटकी ‘पूजा मेरी जान’ की ओटीटी रिलीज के साथ मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी की इस फिल्म को आखिरकार दर्शकों के बीच पहुंचने का मौका मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here