एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा: दंतेवाड़ा के किरंदुल में बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (बीटीओए) का वार्षिक चुनाव रविवार को संपन्न हुआ। 1052 सदस्यों वाले संगठन में 947 मतदाताओं ने अपना मताधिकार इस्तेमाल किया। देर रात तक चली मतगणना के बाद मनोज सिंह को अध्यक्ष और तरुण प्रकाश राम को सचिव घोषित किया गया। समर्थक देर रात तक नतीजों का इंतजार करते रहे और जीत की घोषणा होते ही उत्साह से झूम उठे।चुनाव में दो पैनल आमने-सामने थे, जिनमें कुल 14 प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। मतगणना के पहले दौर से ही मनोज सिंह आगे रहे। उन्होंने अध्यक्ष पद पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 51 वोटों से हराया। सचिव पद पर तरुण प्रकाश राम ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 86 वोटों के अंतर से पराजित किया।उपाध्यक्ष पद पर विजयंत गौतम और रतन कर्मकार कालू विजयी रहे, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर कृष्ण जीवन शुक्ला ने 71 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सह-सचिव पद पर वैभव गौरांग साहा और अजय रूपचंदानी (अज्जू) चुने गए।
बीटीओए दंतेवाड़ा में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह लौह अयस्क परिवहन से जुड़े ट्रक मालिकों और उनके कर्मचारियों की आजीविका से जुड़ा संगठन है। संगठन में ट्रक पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसके कारण अक्सर चालानी कार्रवाई होती है और ट्रक मालिकों को अनावश्यक चालान भरना पड़ता है। सदस्यों को उम्मीद है कि नए पदाधिकारी किरंदुल में उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जिससे चालानी कार्रवाई से राहत मिलेगी।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने वादा किया है कि वे ट्रक मालिकों के हितों की रक्षा करेंगे और क्षेत्र में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।





