Home छत्तीसगढ़ ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग

ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग

0

जातिगत जनगणना में पृथक एवं स्पष्ट कॉलम शामिल करने राष्ट्रपति के नाम कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने सौंपा ज्ञापन

मनेन्द्रगढ़ : अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की वास्तविक जनसंख्या का वैज्ञानिक, प्रमाणिक एवं पारदर्शी आंकड़ा सामने लाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग, एमसीबी ने राष्ट्रपति के नाम अपर कलेक्टर, एमसीबी को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष मनोज साहू के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आगामी जातिगत जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक एवं स्पष्ट कॉलम शामिल किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि देश की आबादी में ओबीसी वर्ग की बड़ी हिस्सेदारी है, लेकिन इस वर्ग की वास्तविक एवं अद्यतन जनसंख्या का स्पष्ट आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं होने के कारण सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों के प्रभावी निर्धारण को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने कहा कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास के लिए ओबीसी की वास्तविक संख्या का प्रमाणिक आंकड़ा आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, छात्रवृत्ति, सरकारी योजनाओं, राजनीतिक एवं प्रशासनिक प्रतिनिधित्व तथा विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी निर्धारण के लिए वैज्ञानिक और अद्यतन जनसंख्या संबंधी आंकड़े महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में आगामी जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग और स्पष्ट कॉलम रखा जाना आवश्यक है।

आंकड़े सार्वजनिक करने की भी मांग

ज्ञापन के माध्यम से ओबीसी समुदाय की वास्तविक जनसंख्या का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आंकलन करने तथा जनगणना से प्राप्त आंकड़ों को सार्वजनिक करने की मांग की गई। साथ ही जातिगत जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय, प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं का पुनर्मूल्यांकन करने तथा पिछड़ा वर्ग समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी रखी गई।

ये रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग एमसीबी के जिला अध्यक्ष मनोज साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राज कुमार केसरवानी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष हाफिज मेमन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शर्मा, राजेश सिंह, अनिल वर्मा, पार्षद स्वप्निल सिन्हा, अशोक साहू, बलराम साहू, मनीष साहू, जमुना खांडे, मोहनी, शिवम, पियूष ताम्रकार, गितीका सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here