रायपुर : राजधानी रायपुर में माना कैंप पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21.964 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख 98 हजार 200 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार समेत पुलिस ने कुल 13 लाख 48 हजार 200 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग की ओर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, डिवाइडर से टकराई कार
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार में गांजा लेकर ओडिशा से दुर्ग की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही माना कैंप पुलिस ने मछली मार्केट के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस ने अल्टो कार क्रमांक CG 04 NN 6018 को रुकने का इशारा किया। पुलिस का कहना है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। इस दौरान कार एक अन्य वाहन और हाट बाजार के पास स्थित डिवाइडर से टकरा गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।
डिक्की में मिले गांजे के 11 पैकेट
पुलिस ने कार चालक से पूछताछ की, लेकिन उसके जवाब संदिग्ध बताए गए। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से गांजे की गंध आने पर वहां रखे दो सफेद-पीले रंग के बैग की जांच की गई। बैग के अंदर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए 11 पैकेट मिले।
वजन कराने पर इन पैकेटों में कुल 21.964 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजे को जब्त करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया।
ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग में करना था सप्लाई
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उसे बेचने के लिए दुर्ग जा रहा था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र यादव, पिता छोटूराम यादव, निवासी वार्ड नंबर 11, डिपरापारा, ग्राम सोनासिल्ली, पिथौरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों को लेकर भी जांच की जा रही है।




