Home छत्तीसगढ़ बंगाल की खाड़ी में गहरा रहा सिस्टम, छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट;...

बंगाल की खाड़ी में गहरा रहा सिस्टम, छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट; जानिए रायपुर का मौसम

0

रायपुर :छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटे में भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

वहीं, 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है मौसम सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक इसी क्षेत्र में सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके अगले 24 से 48 घंटे में अवदाब से गहरे अवदाब में तब्दील होने के आसार हैं। इसके बाद सिस्टम के 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने की संभावना जताई गई है।

इसी मौसम प्रणाली का प्रभाव अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश भैरमगढ़ में 5 सेमी दर्ज की गई।

इसके अलावा गंगालूर में 4 सेमी, जबकि बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

22 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 22 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

बारिश का यह दौर अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। खासकर 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 22 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। शहर में एक-दो दौर बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।

रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here