वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसदों, महापौर, सभापति, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने खर्राघाट में चलाया स्वच्छता अभियान

रायगढ़ : जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित सेवा ही संकल्प अभियान के तहत आज खर्राघाट में केलो नदी की सफाई के लिए वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्यगण एवं पार्षदों सहित शहर के जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में अभियान में शामिल हुए। 800 से अधिक लोगों ने एकजुट होकर खर्राघाट में सेवा दान करते हुए केलो नदी और उसके तटों की सफाई की।कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, महापौर श्री जीवर्धन चौहान एवं एमआईसी सदस्य श्री आनंद भगत ने स्वयं नदी में उतरकर केलो नदी को तैरते हुए पार किया और नदी में मौजूद मूर्ति विसर्जन के अवशेष, फूल-पत्तियां एवं अन्य कचरे को निकालकर सफाई की। जनप्रतिनिधियों के नदी में उतरकर श्रमदान करने से अभियान में शामिल लोगों का उत्साह और बढ़ गया।खर्राघाट के दोनों छोर और पुल पर बड़ी संख्या में लोग मानव श्रृंखला के रूप में खड़े होकर श्रमदान करते रहे। नदी के दोनों तटों पर एक साथ सफाई अभियान चलाया गया। खर्राघाट पुल के नीचे मूर्ति विसर्जन के बाद फंसे फूल-पत्तियों, झाड़ियों एवं अन्य अवशेषों को निकालने के लिए जेसीबी सहित अन्य मशीनों और रस्सियों की सहायता ली गई। नदी के भीतर और तटों पर जमा कचरे को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कमिश्नर ने सामाजिक संगठनों और सहभागियों का जताया आभार
नगर निगम कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केलो नदी की स्वच्छता केवल नगर निगम या जिला प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिस तरह आज बड़ी संख्या में शहरवासियों और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर श्रमदान किया है, वह स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी की सकारात्मक मिसाल है।
कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि केलो नदी और उसके तटों को स्वच्छ रखने के लिए नदी में किसी भी प्रकार का कचरा, पूजन सामग्री अथवा अन्य अपशिष्ट न डालें। अपने घर और आसपास भी स्वच्छता बनाए रखें तथा कचरा कहीं भी खुले में न फेंककर नगर निगम के स्वच्छता वाहनों को ही दें। उन्होंने नागरिकों से गीला, सूखा, हजार्डस वेस्ट एवं विशेष केयर वाले कचरे के लिए अलग-अलग चार डस्टबिन रखने और कचरे का उचित पृथक्करण करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक स्वयं स्वच्छता का पालन करने के साथ अपने परिवार, पड़ोसियों और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
नदी स्वच्छता के साथ दिया स्वच्छ शहर का संदेश
श्रमदान में शामिल सभी लोगों ने शहर को स्वच्छ रखने, कचरा कहीं भी नहीं फेंकने, निगम के स्वच्छता वाहनों को ही कचरा देने तथा कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त रायगढ़ बनाने के लिए जनभागीदारी को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।




