Home छत्तीसगढ़ सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में गूंजा नवाचार का संदेश

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में गूंजा नवाचार का संदेश

0

युवाओं की सोच में ही विकसित भारत की नींव : अनिल चंद्राकर

नवाचार से समाधान और आइडिया से स्टार्टअप की ओर बढ़ें युवा : डॉ. आशीष शर्मा

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को गरियाबंद जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय तथा शासकीय आईटीआई गरियाबंद में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी सोच, स्टार्टअप, स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘नवाचार से समाधान और आइडिया से स्टार्टअप’ रहा। विभिन्न संस्थानों में विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए अतिथियों ने उन्हें अपनी प्रतिभा और तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए करने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं की सोच में ही विकसित भारत की नींव : अनिल चंद्राकर

वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय, गरियाबंद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अनिल चंद्राकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार है। युवाओं की प्रतिभा, नई सोच और तकनीकी क्षमता को सही दिशा मिले तो वे समाज की अनेक चुनौतियों के समाधान खोज सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में नवाचार, स्टार्टअप, कौशल विकास और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है। युवाओं के सामने अपनी प्रतिभा को अवसर में बदलने के अनेक रास्ते हैं। आवश्यकता है कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ अपने आसपास की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए नए विचारों पर काम करें।साथ ही उन्होंने कहा कि नवाचार केवल नई तकनीक तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की जरूरतों को समझकर बेहतर और सरल समाधान तैयार करना भी नवाचार है। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी युवाओं की रचनात्मक सोच महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

नवाचार से समाधान और आइडिया से स्टार्टअप की ओर बढ़ें युवा : डॉ. आशीष शर्मा

शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज गरियाबंद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आशीष शर्मा, जिला महामंत्री भाजपा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज किसी भी देश और समाज की प्रगति उसकी नई सोच और नवाचार की क्षमता से तय होती है। हमारे युवाओं के पास प्रतिभा, ऊर्जा और नए विचारों की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इन विचारों को सही दिशा और उचित अवसर देने की है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपने आसपास की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए नए विचार विकसित करें। एक छोटा-सा आइडिया भविष्य में बड़े स्टार्टअप का रूप ले सकता है। नवाचार केवल बड़ी मशीन या नई तकनीक बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी समस्या का बेहतर, सरल और उपयोगी समाधान तलाशना भी नवाचार है।

तकनीकी कौशल को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर

इसी क्रम में शासकीय आईटीआई, गरियाबंद में भी सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहा भाजपा जिला मंत्री श्री सुरेंद्र सोंनटेके एवं मंडल अध्यक्ष श्री सुमित पारख ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

वक्ताओं ने कहा कि आईटीआई एवं तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत युवाओं के पास व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल होता है। यदि इस कौशल को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ा जाए तो युवा अपने लिए रोजगार के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं। विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने, अपनी दक्षता बढ़ाने और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

तीनों संस्थानों में दिखा विद्यार्थियों का उत्साह

शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, रितेश यादव, एल्डरमेन नगर पालिका परिषद गरियाबंद, जिला सोशल मीडिया संयोजक अमित वखरिया, शुभम सांग सहित पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य श्री ए.के. रॉय, दीनबंधु ध्रुव, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय में जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं शासकीय आईटीआई में मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने विद्यार्थियों से संवाद किया।

कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों में नवाचार एवं स्टार्टअप को लेकर उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने नए विचारों को आगे बढ़ाने तथा उन्हें व्यावहारिक रूप देने के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here