सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बसदेई चौकी क्षेत्र के शर्मा गांव में नदी के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
40-45 वर्षीय व्यक्ति का बताया जा रहा शव
पुलिस के अनुसार, नदी में मिला शव करीब 40 से 45 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति का है। शव क्षत-विक्षत हालत में नदी में बहकर आया था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है और अलग-अलग स्थानों से लापता लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
कौन है मृतक? पुलिस तलाश रही जवाब
मृतक की शिनाख्त नहीं होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कौन था और नदी में उसका शव किन परिस्थितियों में पहुंचा।
पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद ही उसकी मौत से जुड़े घटनाक्रम के बारे में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।




