रायपुर : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार दिखाई दे रहा है। गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला रहा और राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में भी करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने 25 सितंबर को रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। बारिश के कारण लंबे समय से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
तेजी से आगे बढ़ रहा डीप डिप्रेशन
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
24 सितंबर की सुबह 11:30 बजे यह मौसम प्रणाली 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित थी। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है।
40 से 50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
बारिश के साथ मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और तेज बारिश व हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।




