Home छत्तीसगढ़ बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंदी का मोबाइल वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर...

बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंदी का मोबाइल वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे गंभीर सवाल

0

बिलासपुर :  बिलासपुर केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल परिसर के भीतर एक बंदी के मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई है। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और इसकी वास्तविकता क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर मोहम्मद आमिर नाम की आईडी से वायरल वीडियो में बंदी रितेश निखारे उर्फ मैडी मुलाकाती समय के दौरान अपने परिजनों और परिचितों से मोबाइल फोन पर बातचीत करता हुआ दिखाई दे रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल परिसर में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध और सुरक्षा जांच की व्यवस्था के बावजूद आखिर मोबाइल बंदी तक कैसे पहुंचा?

वीडियो की सत्यता और मोबाइल पहुंचने की होगी जांच

वायरल वीडियो को लेकर अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे कब रिकॉर्ड किया गया था। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वीडियो वास्तविक है या इसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है।

मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोबाइल जेल परिसर के भीतर किस तरह पहुंचा और बंदी तक इसकी पहुंच कैसे बनी।

जेल प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

मामले को लेकर जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने कहा कि सुरक्षा जांच के बावजूद कुछ लोग छिपाकर मोबाइल अंदर ले जाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।

वायरल वीडियो के बाद अब जांच के साथ-साथ जेल में मोबाइल और प्रतिबंधित सामान की रोकथाम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा पर भी जोर दिया जा रहा है।

फिलहाल वायरल वीडियो की पुष्टि और पूरे घटनाक्रम की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के बाद ही यह साफ होगा कि वीडियो कब बनाया गया, मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचा और इस मामले में कौन-कौन जिम्मेदार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here