Home देश बैंक खुलेंगे या नहीं? 27 सितंबर को लेकर आखिरी वक्त में क्यों...

बैंक खुलेंगे या नहीं? 27 सितंबर को लेकर आखिरी वक्त में क्यों उलझा मामला, जानें पूरा अपडेट

0

नई दिल्ली :  27 सितंबर, रविवार को बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे, इसे लेकर ग्राहकों के बीच असमंजस बना हुआ है। केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) को रविवार को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, बैंक अधिकारियों के एक संगठन ने अपने सदस्यों से रविवार को ड्यूटी पर नहीं आने की अपील की है। ऐसे में शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं किस हद तक उपलब्ध रहेंगी, यह कर्मचारियों की उपस्थिति पर निर्भर कर सकता है।

दरअसल, 21 सितंबर को वित्त मंत्रालय के अधिकारियों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, भारतीय बैंक संघ (IBA) और नाबार्ड के अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। बैठक में बैंकिंग सेवाओं को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद 27 सितंबर को बैंक शाखाओं के अलावा बैंक कार्यालय, एटीएम से जुड़े कार्यालय और करेंसी चेस्ट खोलने की अनुमति दी गई।

क्यों रविवार को बैंक खोलने का फैसला हुआ?

28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार का सप्ताहांत है। ऐसे में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए रविवार को बैंकिंग कामकाज उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग कामकाज को निपटाना और ग्राहकों को लंबे समय तक शाखा सेवाओं से दूर रहने से बचाना है।

सरकार ने बैंक खोलने को कहा, लेकिन यहां है बड़ा पेंच

27 सितंबर को बैंक शाखाओं और संबंधित कार्यालयों को खोलने की अनुमति के बावजूद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) ने अपने सदस्यों से रविवार को ड्यूटी पर नहीं आने का अनुरोध किया है।

संगठन का तर्क है कि औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत 27 सितंबर को अवकाश का दिन माना जाता है। ऐसे में रविवार को कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति बैंक शाखाओं में मिलने वाली सेवाओं को प्रभावित कर सकती है।

28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल का प्रस्ताव

बैंक यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया है। यह 11 सितंबर को हुई एक दिवसीय बैंक हड़ताल के बाद बैंकिंग क्षेत्र में दूसरी बड़ी कार्रवाई होगी।

यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पेंशन से जुड़े संशोधन तथा कर्मचारियों के डीए और पेंशन से संबंधित मुद्दे शामिल हैं।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

27 सितंबर को शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं कितनी सुचारू रहेंगी, यह कर्मचारियों की उपलब्धता और संबंधित बैंक के संचालन पर निर्भर कर सकता है। इसलिए जिन ग्राहकों का कोई जरूरी शाखा संबंधी काम है, वे संभव हो तो उसे पहले ही पूरा कर लें।

वहीं, एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। हालांकि, किसी विशेष बैंक की सेवा में व्यवधान आता है या नहीं, यह उसके संचालन संबंधी इंतजाम पर निर्भर करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here