रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के चलते खारुन नदी उफान पर है। रायपुर के महादेव घाट पुल पर करीब 2 फीट ऊपर पानी बहने के कारण रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है।
रास्ता बंद होने के बावजूद नदी का रौद्र रूप देखने के लिए महादेव घाट पुल के दोनों छोर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इनमें कई लोग तेज बहाव के बीच सेल्फी लेने और वीडियो बनाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
खारुन नदी का बढ़ा जलस्तर
खारुन नदी शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक नदियों में से एक है और इसका उद्गम बालोद जिले के गुरुर तहसील क्षेत्र से माना जाता है। पिछले कुछ दिनों से बालोद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिसका असर खारुन के जलस्तर पर भी पड़ा है।
गर्मी के मौसम में जहां नदी की धार काफी कम हो जाती है, वहीं बारिश के बाद खारुन का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का यही रौद्र रूप देखने के लिए लोग महादेव घाट के साथ रायपुर-दुर्ग मार्ग पर स्थित खारुन नदी के पुल के आसपास भी पहुंच रहे हैं।
पुलिस कर रही समझाइश, फिर भी नहीं मान रहे लोग
तेज बहाव और पुल के ऊपर पानी होने के कारण प्रशासन ने आवाजाही रोक दी है। महादेव घाट पर पुलिस प्रशासन की टीम भी तैनात है और लोगों को नदी तथा पुल के आसपास नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर नदी के बढ़े जलस्तर को कैमरे में कैद करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बारिश के बीच बढ़ रहा नदी-नालों का जलस्तर
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल महादेव घाट में खारुन नदी का बढ़ा जलस्तर और पुल के ऊपर बहता पानी खतरे का संकेत है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और पुल के आसपास जाने से बचें और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जारी निर्देशों का पालन करें।
देखिए वीडियो –




