सरकारी बैंक, 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल के दौरान ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए ATM चार्ज माफ करने जा रहे हैं. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI), इंडियन बैंक और कई अन्य सरकारी बैंकों (PSBs) ने कहा है कि वे इन तीन दिनों के दौरान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा तय की गई फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट से ज्यादा ATM से पैसे निकालने पर ग्राहकों से कोई चार्ज नहीं लेंगे.
कर्मचारियों की दो मुख्य मांगे:- डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS), इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक मैनेजमेंट की हड़ताल टालने की अपील के बावजूद बैंक अपनी तीन दिन की हड़ताल पर आगे बढ़ रहे हैं. UFBU और सरकारी बैंकों (PSBs) के कुछ अन्य यूनियंस और एसोसिएशंस ने, जिन्हें रीजनल रूरल बैंकों (RRBs) का समर्थन हासिल है, दो मुख्य मांगों — पांच दिन का बैंकिंग हफ्ता लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को वापस लेने – के समर्थन में हड़ताल का ऐलान किया है.
रविवार को खुलेंगे बैंक:- 28 से 30 सितंबर तक की तीन दिन की हड़ताल, अगर उससे पहले के वीकेंड के साथ मिला दी जाए, तो बैंकिंग सेवाएं असल में 5 दिनों के लिए बंद रह सकती हैं, लेकिन आरबीआई ने रविवार के दिन सरकारी अवकाश कैंसल कर दिया है. ऐसे में देश के सभी सरकारी बैंक रविवार को खुलेंगे. बैंक यूनियनों को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के कर्मचारी यूनियनों का भी समर्थन मिला है. ऑल इंडिया रिजर्व बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIRBEA) और ऑल इंडिया रिजर्व बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIRBEF) ने 28 सितंबर को प्रदर्शन करने की घोषणा की है. इन दोनों यूनियनों ने बैंकों को रविवार, 27 सितंबर को खुले रहने की RBI की मंज़ूरी पर भी आपत्ति जताई है.




