Home छत्तीसगढ़ एनएमडीसी अंतर परियोजना फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आगाज

एनएमडीसी अंतर परियोजना फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आगाज

0

उद्घाटन मुकाबले में किरंदुल ने दोणिमलै को 3-0 से हराया, नगरनार ने बचेली को 3-0 से दी मात

एस एच अज़हर दंतेवाड़ा किरंदुल : एनएमडीसी के अंतर परियोजना फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का बैलाडीला लौह अयस्क खदान, किरंदुल परिसर के फुटबॉल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट में एनएमडीसी की किरंदुल, बचेली, नगरनार एवं दोणिमलै परियोजनाओं की चार टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन रवींद्र नारायण, अधिशासी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख, किरंदुल कॉम्प्लेक्स ने किया। इस अवसर पर किशन आहूजा, परियोजना प्रमुख (वर्क्स) तथा जे.सी. दास, सीजीएम (प्रोडक्शन) एवं अध्यक्ष, स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी सहित एनएमडीसी किरंदुल के जीएम (एचआर) सुधांशु वर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा नोमेश्वर राव, अध्यक्ष एवं प्रदीप नामदेव, सचिव, एसकेएमएस, एससी एसटी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री बीएल तारम तथा स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी के सभी सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में एनएमडीसी कार्मिक, उनके परिवारजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। खेल मैदान में दर्शकों के उत्साह ने आयोजन के माहौल को और जीवंत बना दिया। मोहम्मद तनवीर जावेद, डीजीएम (मानव संसाधन) एवं सेक्रेटरी, स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी, बैलाडीला लौह अयस्क खदान, किरंदुल कॉम्प्लेक्स ने स्वागत संबोधन किया। कार्यक्रम का संचालन राजनाथ ने किया।

टूर्नामेंट के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। उद्घाटन मैच में बैलाडीला लौह अयस्क खदान, किरंदुल कॉम्प्लेक्स ने दोणिमलै आयरन ओर माइंस को 3-0 से हराया। किरंदुल की ओर से अमित प्रसाद, रंजीत और रविंद्र साहू ने एक-एक गोल किया। दिन के दूसरे मुकाबले में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड ने बैलाडीला लौह अयस्क खदान, बचेली कॉम्प्लेक्स को 3-0 से पराजित किया।

अंतर परियोजना फुटबॉल टूर्नामेंट एनएमडीसी की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों के कार्मिकों को खेल के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ने, टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करता है। आयोजन के माध्यम से एनएमडीसी अपने कार्मिकों के बीच खेल, फिटनेस और सौहार्दपूर्ण सहभागिता की भावना को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। बारिश और तेज हवा के बावजूद खिलाड़ियों ने अपने कौशल से तालियां बटोरीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here