रायपुर : राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित EDO क्लब में देर रात पार्टी के दौरान जमकर हंगामा हो गया। DJ कॉम्पिटिशन के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। क्लब के अंदर दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
DJ कॉम्पिटिशन के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, क्लब में आयोजित पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए थे। आयोजकों के रूप में भिलाई निवासी सत्यम शर्मा और रायपुर निवासी लक्की बजाज के नाम सामने आए हैं।
बताया जा रहा है कि DJ कॉम्पिटिशन के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और क्लब के अंदर ही मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पार्टी में शामिल लोगों में बड़ी संख्या में नाबालिगों के होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई अंतिम पुष्टि नहीं की गई है।
VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में क्लब के अंदर कुछ लोग आपस में हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक, देर रात क्लब/कैफे में मारपीट की सूचना मिली थी। इवेंट के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




