Home छत्तीसगढ़ 28 सितंबर की झांकी से पहले एक्शन में नगर निगम, 15 जर्जर...

28 सितंबर की झांकी से पहले एक्शन में नगर निगम, 15 जर्जर मकान खाली कराने के निर्देश

0

रायपुर:राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को निकलने वाली गणेश विसर्जन झांकी को लेकर नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। झांकी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ को देखते हुए नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने झांकी के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया।

इस दौरान महापौर ने फूलचौक से सदर बाजार तक झांकी के रास्ते में आने वाले 15 जर्जर घोषित मकानों का संयुक्त टीम के साथ निरीक्षण किया। निगम अधिकारियों ने संबंधित भवन मालिकों के नाम वाले नोटिस जर्जर मकानों पर चस्पा किए।

झांकी के दिन मकान खाली रखने के निर्देश

नगर निगम की ओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर मकानों के मालिकों को बिंदुवार दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश के मुताबिक झांकी के दिन इन जर्जर भवनों को खाली कराकर ताला लगाने को कहा गया है।

साथ ही किसी भी दर्शनार्थी को इन भवनों की छत या ऊपरी हिस्से में चढ़ने नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

जर्जर मकानों के सामने लगेगी बैरिकेडिंग

महापौर मीनल चौबे ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित भवन मालिकों के तीन दिन के लिए अन्यत्र चले जाने की स्थिति में उनके जर्जर भवनों के सामने बैरिकेडिंग कराई जाए।

इसका उद्देश्य झांकी देखने पहुंचने वाले लोगों को जर्जर भवनों के आसपास खड़े होने से रोकना और भीड़ को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाना है।

सदर बाजार में रूट का भी निरीक्षण

महापौर ने सदर बाजार क्षेत्र में गणेश विसर्जन झांकी के रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। इस दौरान नगर निगम के लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित नगर निवेश विभाग के संबंधित अधिकारी और पुलिस थाना के अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से झांकी के दौरान भीड़ प्रबंधन और जर्जर भवनों से जुड़े संभावित जोखिमों को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here