एस एच अज़हर दंतेवाडा किरंदुल : देश की नवरत्न खनन कंपनी एनएमडीसी को एथलीट सावन बरवाल की एशियन गेम्स मैराथन में रजत पदक जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है। एनएमडीसी ने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की उनकी तैयारी के दौरान उन्हें सहयोग प्रदान किया है। हिमाचल प्रदेश के 28 वर्षीय सेना के एथलीट सावन बरवाल ने एशियन गेम्स मैराथन में 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के साथ वह वर्ष 1982 के बाद एशियन गेम्स मैराथन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले वर्ष 1982 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में श्री होसुर कुक्कप्पा सीतारन ने मैराथन में कांस्य पदक जीता था।
बरवाल की यह उपलब्धि एनएमडीसी के खेल प्रतिभाओं की पहचान, उन्हें प्रोत्साहित करने और बड़े मंच के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। एनएमडीसी का मानना है कि देश की युवा प्रतिभाओं को सही समय पर अवसर, संसाधन और सहयोग प्रदान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि एनएमडीसी लंबे समय से भारत में खेलों के विकास और उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। कंपनी कबड्डी, बॉक्सिंग, क्रिकेट और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को व्यक्तिगत प्रायोजन और सहयोग प्रदान करती रही है। एनएमडीसी कई वर्षों से हैदराबाद मैराथन का टाइटल स्पॉन्सर भी रहा है। प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ के विजन के अनुरूप, एनएमडीसी युवाओं में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए गेमिफाइड वॉकाथॉन, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और योग कार्यक्रमों का आयोजन एवं समर्थन करता है।
एनएमडीसी की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का विस्तार देश के विभिन्न हिस्सों से उभरती प्रतिभाओं तक भी है। हाल ही में संपन्न एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन में कंपनी ने बस्तर के 170 एथलीटों को प्रायोजित किया। इनमें बस्तर के फुलधर नेताम ने ओपन कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
सावन बरवाल की ऐतिहासिक उपलब्धि और फुलधर नेताम जैसे उभरते खिलाड़ियों की सफलता एनएमडीसी के उस प्रयास को और मजबूती देती है, जिसके तहत कंपनी देश की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को बड़े मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है।




