Home छत्तीसगढ़ नागपुर चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त

नागपुर चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त

0

ओड़िशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ, दो पिकअप वाहनों सहित 4.69 करोड़ का माल जब्त, छह आरोपी गिरफ्तार

एमसीबी :  जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी नागपुर, थाना पोड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो पिकअप वाहनों सहित कुल 4 करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत चौकी नागपुर पुलिस द्वारा NH-43 हाईवे पर एमसीबी लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर दो पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये, तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत के दो पिकअप वाहन जब्त किए।

ओड़िशा से मध्यप्रदेश जा रहा था गांजा

प्रारंभिक पूछताछ एवं विवेचना में गांजा ओड़िशा से मध्यप्रदेश ले जाया जाना सामने आया है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत धारा 20(b), 2(C) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की है। पुलिस अब गांजा के स्रोत, सप्लायर, परिवहनकर्ता और अंतिम गंतव्य तक पहुंचने वाले पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33), अरुप मिर्धा (22), अलबिरनी (25) और सुनीता (22) को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच आरोपी ओड़िशा के सुंदरगढ़ क्षेत्र से तथा दो आरोपी मध्यप्रदेश के कटनी जिले से संबंधित बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक मामले की End-to-End विवेचना की जा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मादक पदार्थ के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार पतासाजी कर रही हैं।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में चौकी प्रभारी नागपुर सउनि शेषनारायण सिंह, एएसआई रामकृपाल सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाण्डेय, मुमताज खान, ललित यादव, आरक्षक अखिलेश जायसवाल, मिथलेश गुप्ता, सुनील सोनवानी, आदित्य कुर्रे, वीरेंद्र कुमार, विजय कुमार साहू, अरविन्द मिश्रा, महिला आरक्षक रेखा कुजूर एवं सैनिक शैलेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला पुलिस एमसीबी ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here