रायपुर : छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, रोजगार और कारोबारी साझेदारी के नए अवसर तलाशने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अक्टूबर के पहले सप्ताह में सिंगापुर दौरे पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर में रहेंगे और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
मुख्यमंत्री साय 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में शामिल होंगे। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) की ओर से आयोजित यह फोरम पहली बार हो रहा है। इसमें सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख, निवेशक और उद्यमी शामिल होंगे।
निवेश और कारोबारी साझेदारी पर रहेगा फोकस
SING फोरम का प्रमुख उद्देश्य भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार, निवेश और कारोबारी साझेदारी के अवसरों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान भारत के विभिन्न राज्यों की आर्थिक प्राथमिकताओं और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस मंच पर छत्तीसगढ़ में एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को सामने रखेंगे। इसके जरिए राज्य में उपलब्ध कारोबारी अवसरों, विकास की संभावनाओं और निवेश के लिए अनुकूल क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
कौशल विकास से हरित विकास तक सहयोग की तलाश
सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल वहां के स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी करेगा।
इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा की जाएगी। इससे छत्तीसगढ़ के इन क्षेत्रों में सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता से जुड़ने की संभावनाओं पर बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि सिंगापुर यात्रा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ना और राज्य के विकास के लिए नए सहयोग के अवसर तलाशना है।
CM साय के साथ ये अधिकारी भी जाएंगे सिंगापुर
मुख्यमंत्री के साथ राज्य का प्रतिनिधिमंडल भी सिंगापुर जाएगा। इसमें—
– मुख्य सचिव विकास शील
– मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह
– वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार
– सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार
– मुख्यमंत्री के ओएसडी उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।




