Home छत्तीसगढ़ श्मशान के पास तंत्र-मंत्र का शक, एक-दूसरे का मुंडन करते मिले 9...

श्मशान के पास तंत्र-मंत्र का शक, एक-दूसरे का मुंडन करते मिले 9 लोग; ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया

0

बालोद : जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधि का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद 9 लोगों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना रनचिरई में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

श्मशान के पास क्या कर रहे थे 9 लोग?

ग्रामीणों के अनुसार, जोरातराई गांव में श्मशान के पास कुछ लोग ऐसी गतिविधियां करते नजर आए, जिसे उन्होंने तंत्र-मंत्र से जोड़कर देखा। ग्रामीणों का दावा है कि मौके पर कुछ लोग एक-दूसरे का मुंडन भी कर रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को रोका और पुलिस को सूचना दी।

मौके से नींबू समेत अन्य सामग्री मिलने की बात

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह गतिविधि चल रही थी, वहां से नींबू समेत अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। हालांकि, इन सामग्रियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ग्रामीणों ने पितृ पक्ष से पहले श्मशान के पास इस तरह की गतिविधि को लेकर संदेह जताया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकान्त गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर रनचिरई थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि श्मशान के पास मौजूद लोग वहां किस उद्देश्य से एकत्र हुए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here