Home छत्तीसगढ़ 7 ड्रमों में भरकर ले जा रहा था 1,400 लीटर डीजल, खमतराई...

7 ड्रमों में भरकर ले जा रहा था 1,400 लीटर डीजल, खमतराई पुलिस ने पकड़ा; 6.40 लाख का मशरूका जब्त

0

रायपुर:राजधानी रायपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नॉर्थ जोन पुलिस ने डीजल के कथित अवैध परिवहन का मामला पकड़ा है। खमतराई थाना पुलिस ने एक टाटा इंट्रा वाहन की जांच के दौरान 7 बड़े ड्रमों में रखा करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया।

पुलिस ने डीजल के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन समेत कुल करीब 6 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा वाहन

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को की गई। नॉर्थ जोन DCP दीपमाला कश्यप के निर्देशन और ACP उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई पुलिस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी कर रही थी।

इसी दौरान टाउन भ्रमण के समय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आने वाले एक मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल ले जाया जा रहा है।

सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए वाहन की घेराबंदी की और उसकी जांच शुरू की।

7 ड्रमों में मिला करीब 1,400 लीटर डीजल

जांच के दौरान टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 के पिछले हिस्से में 7 बड़े लोहे के ड्रम रखे मिले। पुलिस के अनुसार, ड्रमों की जांच करने पर प्रत्येक में करीब 200-200 लीटर डीजल भरा हुआ था।

इस तरह पुलिस ने कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया।

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव (50), पिता शिव लगन सिंह यादव, निवासी नोनीयारीचक, पोस्ट दौलतपुर, थाना भगवानगंज, जिला पटना, बिहार बताया। वर्तमान में वह रायपुर जिले के ग्राम भेमता स्थित उमेश साव के ढाबे में रहने की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस के मुताबिक, डीजल के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही डीजल और वाहन को जब्त कर लिया।

6.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने 7 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल और परिवहन में इस्तेमाल टाटा इंट्रा वाहन को जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ खमतराई थाने में धारा 287 बीएनएस और धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

मामले में आगे की विवेचना जारी है। नॉर्थ जोन पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों और ज्वलनशील पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here