Home छत्तीसगढ़ हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

0

लग्जरी XUV 3XO कार के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो साथी फरार

चरचा पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, चोरी में प्रयुक्त वाहन, जरीकेन और डीजल बरामद

बैकुंठपुर/कोरिया। हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कोरिया पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना चरचा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक मुख्य आरोपी को लग्जरी महिंद्रा XUV 3XO कार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन, अलग-अलग क्षमता के जरीकेन तथा करीब 10 लीटर डीजल बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के दो साथी जंगल की आड़ लेकर फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं उप पुलिस अधीक्षक मोहसीन खान के मार्गदर्शन में थाना चरचा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने घटना से जुड़े CCTV फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

ट्रक की टंकी से पार कर दिया 260 लीटर डीजल

मामला थाना चरचा क्षेत्र के ग्राम नगर स्थित उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप के पास का है। प्रार्थी सौरभ घोष, निवासी भैंसा दफाई हल्दीबाड़ी चिरमिरी, का ट्रक क्रमांक CG 04 NN 7001 चालक पवन बहादुर सोनी सतना से गेहूं लेकर भुवनेश्वर जा रहा था। 24 सितंबर को ट्रक में करीब 352 लीटर डीजल भरवाया गया था।

25 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे ग्राम नगर के पास ट्रक खराब हो गया। इसके बाद चालक ने वाहन को उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप पर सुरक्षित खड़ा कर दिया और क्लीनर दीपक को निगरानी के लिए छोड़ दिया। इसी दौरान 25-26 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने ट्रक की टंकी से करीब 260 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत 26,520 रुपये थी, चोरी कर लिया।

शिकायत पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV और मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने पेट्रोल पंप एवं मुख्य मार्ग के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में बिजुरी-कोतमा क्षेत्र से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन और आरोपियों के हुलिए की जानकारी अपने मुखबिर तंत्र को दी।

इसी बीच 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि संदिग्ध हुलिए वाली एक सफेद कार ग्राम नगर के पहाड़पारा में खड़ी है और उसमें तीन लोग सवार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कार में बैठे दो लोग जंगल की ओर भाग निकले। वहीं चालक ने XUV 3XO लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में खुला डीजल चोरी का राज

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम कालिका प्रसाद लोनी (42), निवासी सिलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर, मध्यप्रदेश बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी दीपक लोनी एवं कामता लोनी के साथ मिलकर XUV कार से उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से डीजल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी के अनुसार चोरी किया गया डीजल ग्राम जरीयारी, थाना जैतहरी निवासी मथुरा प्रजापति को बेचा गया था। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों के साथ-साथ चोरी का डीजल खरीदने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की महिंद्रा XUV 3XO क्रमांक CG 15 EK 6026, 50 लीटर क्षमता का एक नीला जरीकेन, 30-30 लीटर क्षमता के दो जरीकेन, 20 लीटर क्षमता का एक सफेद जरीकेन तथा इनमें भरा करीब 10 लीटर डीजल बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी कालिका प्रसाद लोनी को 2 अक्टूबर को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना चरचा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here