Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर में एक ही परिसर...

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर में एक ही परिसर में मिली अनेक सेवाएं

0

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ और किया सामग्री वितरित

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा-सेवा सेतु शिविर में एक ही जगह मिल रही सभी योजनाओं और सुविधाओं की सौगात

एमसीबी :  जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आज जनपद पंचायत खड़गवां परिसर में सेवा सेतु अभियान का जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।

स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, समाज कल्याण, पंचायत सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं और हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली। साथ ही स्टॉलों पर पहुंचे ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।

छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ
विभागीय स्टॉलों के निरीक्षण के पश्चात स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत एवं राजकीय गीत की प्रस्तुति दी गई। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर “स्वस्थ भारत, स्वस्थ छत्तीसगढ़” का संदेश दिया। वहीं महाविद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।कलेक्टर ने ग्रामीणों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील कीकलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि सेवा सेतु शिविर में समाज कल्याण, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, विद्युत सहित सभी प्रमुख विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें।

आधार, आयुष्मान और राशन कार्ड से लेकर बीज व कृत्रिम अंग तक की सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जिन लोगों का आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड अथवा राशन कार्ड नहीं बन पाया है, वे शिविर में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। कृषि विभाग द्वारा बीज वितरण तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी तरह के सेवा सेतु शिविर मनेन्द्रगढ़ और भरतपुर में भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, राशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये तथा महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित सड़क, पुल, स्वास्थ्य सुविधाएं, मेडिकल कॉलेज, महतारी सदन, हॉर्टिकल्चर कॉलेज और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान जैसी विकास योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने तथा आयुष्मान कार्ड नहीं बनने की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर कार्ड बनवाने की अपील की।

विभिन्न विभागों ने हितग्राहियों को योजनाओं से किया लाभान्वित
इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई बड़ी संख्या में हितग्राहियों को योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 37 हितग्राहियों को फूड बास्केट, चश्मा, आयुष्मान कार्ड एवं स्टिक वितरित किए गए। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति द्वारा 22 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए।सेंट्रल बैंक द्वारा 8 हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपये की नारी शक्ति योजना, 2 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के तहत 2-2 लाख रुपये, 7 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1 लाख 78 हजार रुपये, 3 हितग्राहियों को 1.50 लाख रुपये तथा 2 हितग्राहियों को MSME लोन के तहत 7 लाख और 15 लाख रुपये की स्वीकृति/लाभ प्रदान किया गया।

वहीं राजस्व विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब, 28 हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा तथा 25 हितग्राहियों को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना का लाभ तथा 5 हितग्राहियों को श्रमिक निःशुल्क पंजीयन कार्ड दिए गए।मत्स्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को 3 नग जाल एवं 2 नग आइस बॉक्स वितरित किए गए। पशुधन विकास विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को 9-9 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। बिहान योजना के अंतर्गत 30 हितग्राहियों को सिलाई मशीन, सेंटरिंग प्लेट, पॉल्ट्री फार्म, धान चक्की सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए लखपति सहयोग प्रदान किया गया।

इसके साथ ही खाद्य विभाग द्वारा 14 हितग्राहियों को राशन कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 22 हितग्राहियों को बीज वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को मितानिन प्रशस्ति प्रमाण पत्र, 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति प्रमाण पत्र तथा पोषण पुनर्वास, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।एसबीएम विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को स्वच्छता किट, टीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा 28 हितग्राहियों को वन अधिकार प्रमाण पत्र, उद्यान विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को बैंगन पौधे तथा 286 हितग्राहियों को पाम ऑयल पौधे वितरित किए गए। पंचायत विभाग द्वारा 22 हितग्राहियों को जॉब कार्ड एवं 11 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को हाथ-पैर के सहायक उपकरण वितरित किए गए।

खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान का भी हुआ शुभारंभ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान का भी शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दान सामग्री के संग्रहण एवं वितरण के लिए वाहन को रवाना किया। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी बच्चों को खिलौने तथा प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को कपड़े, टिफिन एवं पानी की बोतल वितरित की गई।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह, जनपद अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, जनपद उपाध्यक्ष वीरेन्द्र करियाम, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, एसडीएम खड़गवां विजयेंद्र सारथी, जनपद पंचायत खड़गवां के सीईओ रूपेश बंजारे, समस्त सरपंचगण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here