Home छत्तीसगढ़ बचरा-पोड़ी में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, योजनाओं की जानकारी के साथ हितग्राहियों...

बचरा-पोड़ी में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, योजनाओं की जानकारी के साथ हितग्राहियों को मिली सुविधाएं

0

कलेक्टर ने किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की, स्वास्थ्य जांच, गोद भराई-अन्नप्राशन और सामग्री का हुआ वितरण

कोरिया :सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत के ग्राम बचरा-पोड़ी में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सुविधाएं और सामग्री वितरित की गई।

शिविर में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री योगेन्द्र श्रीवास सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक पंजीयन एवं दस्तावेज पूरे रखने की अपील की। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने को कहा, ताकि धान खरीदी के समय किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, वे तहसील कार्यालय सेवा सेतु केंद्र, सीएससी से संपर्क कर जल्द पंजीयन कराएं।

उन्होंने ग्रामीणों से आयुष्मान कार्ड एवं 70 वर्ष के बुजुर्गों के लिए वय वंदन कार्ड बनवाने की अपील की। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत पात्र बुजुर्गों, विधवा एवं दिव्यांगजनों को पेंशन योजनाओं के लिए आवेदन करने की जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास से लेकर श्रमिक योजनाओं की दी जानकारीशिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को निर्माण कार्य में प्रगति लाने तथा जियो-टैगिंग के आधार पर किस्त जारी होने की जानकारी दी गई।

कलेक्टर ने हितग्राहियों से आवास निर्माण के लिए प्राप्त राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए ही करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियां बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं ‘पीएम सूर्य घर’ योजना के तहत 1 से 3 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने तथा उपलब्ध अनुदान एवं बैंक ऋण की जानकारी दी।

श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों को पंजीयन कराने तथा शिक्षा, छात्रवृत्ति, प्रसूति सहायता और आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में मिलने वाली सहायता सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

स्वास्थ्य जांच के साथ गोद भराई-अन्नप्राशन
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। जनसंपर्क विभाग द्वारा शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देने वाली ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ पत्रिका का वितरण किया गया।

श्रम विभाग की योजना के तहत पात्र हितग्राही को 40 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं जनप्रतिनिधियों ने शिशुओं को अन्नप्राशन कराया। विभिन्न विभागों की ओर से पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण भी किया गया।

स्थानीय स्तर पर मिल रही शासकीय सेवाएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत बैकुण्ठपुर एवं सोनहत विकासखंड में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन और समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, पेंशन, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा विवरण और ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए जा रहे हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सोनहत विकासखंड में 05 अक्टूबर को ग्राम पंचायत रामगढ़ में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here