Home मनोरंजन अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने मचाया तहलका, तीन दिन में कमाए...

अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने मचाया तहलका, तीन दिन में कमाए 272 करोड़; ‘सिंघम अगेन’ को दी चुनौती

0

मुंबई : अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। लंबे समय से इस सस्पेंस-थ्रिलर का इंतजार कर रहे दर्शकों का उत्साह फिल्म की कमाई में भी नजर आ रहा है। गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म ने पहले ही दिन शानदार ओपनिंग की और अब महज तीन दिनों में वर्ल्डवाइड 300 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है।

तीन दिन में 272.80 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन भारत में 62 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। फिल्म का पहले दिन का ग्रॉस कलेक्शन करीब 80 करोड़ रुपये रहा। दूसरे दिन कमाई में मामूली गिरावट आई और फिल्म ने 53.50 करोड़ रुपये जुटाए।

इसके बाद तीसरे दिन फिल्म ने जोरदार वापसी की और 61 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह शुरुआती तीन दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 176.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 211.80 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

वर्ल्डवाइड स्तर पर फिल्म ने तीन दिनों में 272.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। ऐसे में अब इसकी नजर 300 करोड़ के आंकड़े पर है।

‘सिंघम अगेन’ को दे रही कड़ी टक्कर

अजय देवगन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में ‘सिंघम अगेन’ 402.26 करोड़ रुपये के साथ शीर्ष पर है। वहीं ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ 364.81 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है।

अब ‘दृश्यम 3’ जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उससे माना जा रहा है कि फिल्म जल्द ही अजय देवगन की सबसे बड़ी ग्रॉसर फिल्मों की सूची में ऊपर पहुंच सकती है।

तीसरे दिन के कलेक्शन के मामले में भी ‘दृश्यम 3’ ने ‘सिंघम अगेन’ को काफी पीछे छोड़ दिया है। ‘सिंघम अगेन’ ने रिलीज के तीसरे दिन 35.75 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘दृश्यम 3’ ने इसी दिन 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

फिर विजय सलगांवकर बने अजय देवगन

‘दृश्यम 3’ इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके साथ तब्बू, श्रेया सरन, इशिता दत्ता, रजत कपूर और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों में लौटे हैं।

फिल्म में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।

जबरदस्त ओपनिंग वीकेंड के बाद अब सबसे ज्यादा नजर फिल्म के मंडे कलेक्शन पर है। अगर वीकेंड के बाद भी कमाई की रफ्तार कायम रहती है, तो ‘दृश्यम 3’ जल्द ही कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here