Home छत्तीसगढ़ सब्जी की खेती की आड़ में गांजे का खेल, पुलिस ने खोली...

सब्जी की खेती की आड़ में गांजे का खेल, पुलिस ने खोली पोल; 3.50 लाख का माल जब्त

0

बलरामपुर :  छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सब्जियों की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती का पुलिस ने खुलासा किया है। पटवारी से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने ग्राम खुखरी के रखैतपारा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सब्जियों के बीच लगाए गए गांजे के 112 पौधे बरामद किए गए। जब्त गांजे का कुल वजन 36 किलो 300 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये है।

पटवारी की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को खुखरी हल्का पटवारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि कबीर साय टेकाम अपनी जमीन पर सब्जियों की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कबीर साय ने घर की बाड़ी में सब्जियों की फसल के बीच गांजे की खेती करने की बात स्वीकार की।

112 गांजे के पौधे जब्त

मौके पर पुलिस को सब्जियों के बीच छोटे-बड़े गांजे के पौधे मिले। कार्रवाई के दौरान डगाल, हरे पत्ते और तने सहित कुल 112 नग गांजे के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया।

जब्त गांजे का कुल वजन 36 किलो 300 ग्राम पाया गया। इसकी कीमत पुलिस ने करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी है।

NDPS एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने आरोपी कबीर साय टेकाम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here