Home छत्तीसगढ़ दिनदहाड़े घर में घुसे चोर, ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा

दिनदहाड़े घर में घुसे चोर, ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा

0

केल्हारी पुलिस ने दोनों आरोपियों का निकाला जुलूस, ‘चोरी करना पाप है’ कहलवा कर दी चेतावनी

एमसीबी/केल्हारी: थाना क्षेत्र के ग्राम मौहरी में दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी का प्रयास करना दो युवकों को भारी पड़ गया। घर पहुंची महिला ने दोनों को चोरी की नीयत से सामान तलाशते देखा तो शोर मचा दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाइक से भाग रहे दोनों युवकों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। ग्रामीण दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम मौहरी निवासी राजकुमारी सिंह पति जमला सिंह, उम्र करीब 25 वर्ष, ने बताया कि 4 अक्टूबर को उसकी मां सब्जी तोड़ने के लिए घर से बाहर गई थी। शाम करीब 4:30 बजे जब वह वापस घर पहुंची तो घर के अंदर दो अज्ञात युवक मौजूद थे। दोनों युवक चोरी की नीयत से घर में सामान तलाश रहे थे और कांसे की बटकी चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।

महिला को देखते ही दोनों युवक घर से बाहर निकलकर भागने लगे। महिला ने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बाइक से भाग रहे युवकों का पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीण दोनों आरोपियों को पुलिस चौकी लेकर पहुंचे।

पूछताछ में सामने आई आरोपियों की पहचान

पुलिस के समक्ष पकड़े गए युवकों से पूछताछ में एक ने अपना नाम सेनसाय तथा दूसरे ने अनिल बंसूल बताया। दोनों ग्राम रोकड़ा के निवासी बताए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि यदि वह समय पर घर नहीं पहुंचती और शोर नहीं मचाती तो दोनों युवक घर से सामान चोरी कर फरार हो सकते थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक पीयूष एक्का को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपियों की भूमिका तथा चोरी के प्रयास से संबंधित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

थाने की कार्यवाही के बाद बाजार में निकाला जुलूस

घटना के बाद केल्हारी पुलिस की कार्यवाही का एक वीडियो भी सामने आया है। केल्हारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुख्य बाजार में परेड कराई। इस दौरान आरोपियों से अपराध से दूर रहने और ‘चोरी करना पाप है’ जैसी बात कहलवाई गई।

पुलिस की इस कार्यवाही का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम लोगों के बीच सुरक्षा का संदेश देना बताया जा रहा है। दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी के प्रयास की घटना से ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, आरोपियों को दोषी ठहराने का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here