मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया
घिवरा। ग्राम पंचायत घिवरा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। गर्भवती महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ मातृत्व एवं सुरक्षित प्रसव की कामना की गई। साथ ही गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
वहीं छोटे बच्चों के लिए अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान बच्चों के उचित पोषण एवं शारीरिक-मानसिक विकास के लिए समय पर पूरक आहार देने के महत्व के बारे में माताओं को जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को बच्चों के खान-पान, देखभाल एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सचिन अग्रवाल एवं शिवलाल देवांगन उपस्थित रहे। इसके अलावा शंकर देवांगन, ग्राम पंचायत घिवरा के सरपंच प्रेमन रात्रे, उपसरपंच ममता रात्रे तथा पंचायत सचिव परमानंद बांधे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर हेमलता साहू, द्रोपती साहू, मीना सूर्यवंशी, निशा बंजारे, दुर्गा साहू, साधना साहू, कामता निषाद, दुलौरीन साहू एवं लता साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही दिलेश्वर साहू, लता साहू, रेखादास, दिलेश्वरी साहू, नीलम, सरस्वती, पूजा एवं भारती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से आयोजित ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा।




