बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चोरी की एक ऐसी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसमें घर का ही बेटा आरोपी निकला। सकरी थाना क्षेत्र में निलंबित आरक्षक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर घर से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। मां की शिकायत और बेटे पर जताए गए संदेह के बाद पुलिस ने पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
सकरी थाना पुलिस ने मामले में निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक भी जब्त की है।
मां के रीवा जाते ही घर में चोरी
मामला सकरी थाना क्षेत्र के सागरदीप कॉलोनी, उसलापुर का है। यहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले बिन्दावती मिश्रा किसी काम से रीवा गई थीं। उस दौरान घर पर उनका बेटा आशीष अकेला था।
वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थी। चोरी गए सामान की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई।
मां को बेटे पर ही हुआ शक
घर में चोरी की घटना के बाद बिन्दावती मिश्रा को अपने बेटे आशीष पर शक हुआ। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद सकरी थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर आशीष मिश्रा से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े अहम सुराग मिले। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि चोरी की वारदात में आशीष अकेला नहीं था, बल्कि उसके दो दोस्त भी शामिल थे।
दोस्तों को बुलाकर घर से उड़ाए जेवर-नकदी
पुलिस के मुताबिक, आशीष मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद तीनों ने मिलकर घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी की।
पुलिस की पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने निलंबित आरक्षक आशीष मिश्रा के साथ सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया।
करीब 6 लाख का सामान बरामद
सकरी पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक क्रमांक CG 10 AZ 5100 को भी जब्त किया है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।




