Home छत्तीसगढ़ सेवा की संकल्प अभियान बाबा धाम कोसमनारा में श्रमदान से की गई...

सेवा की संकल्प अभियान बाबा धाम कोसमनारा में श्रमदान से की गई साफ-सफाई

0

स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत विशेष सफाई अभियान, विजयपुर तालाब में भी चलाया गया था विशेष स्वच्छता अभियान

 


रायगढ़ :  स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं सेवा ही संकल्प अभियान के तहत नगर निगम रायगढ़ द्वारा मंगलवार सुबह 7:30 बजे बाबा धाम कोसमनारा में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू और स्थानीय ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता अमले ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।इस दौरान बाबा धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई करते हुए कचरा एकत्र किया गया और लोगों को धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।

सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। धार्मिक स्थलों, तालाबों और सार्वजनिक परिसरों की नियमित सफाई के साथ लोगों से भी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की जा रही है।

विजयपुर तालाब में भी चला विशेष स्वच्छता अभियान
सेवा ही संकल्प अभियान के तहत 5 अक्टूबर को विजयपुर तालाब एवं परिसर में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था। अभियान में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित एमआईसी सदस्यगण एवं निगम अमला शामिल हुआ। तालाब परिसर की सफाई के साथ आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here