Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश...

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश के संकेत; जानें IMD का अपडेट

0

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर तेज धूप के चलते गर्मी का असर महसूस हुआ। शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। इस बीच मुंगेली और बलरामपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई, हालांकि प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई।

मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

रायपुर में आज बूंदाबांदी के आसार

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को शाम या रात के समय बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां कुछ इलाकों में जारी रह सकती हैं।

 राजनांदगांव में सबसे ज्यादा तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर जिले में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

जाते-जाते फिर भिगो सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर आगे बढ़ रही है।

इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका भी सक्रिय है।

इन्हीं मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। यानी मानसून की विदाई के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में एक बार फिर बारिश दस्तक दे सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here