Home छत्तीसगढ़ रायपुर के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव, 34 डिग्री की गर्मी के...

रायपुर के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव, 34 डिग्री की गर्मी के बाद बारिश और ओलावृष्टि; आज भी असर

0

रायपुर :  छत्तीसगढ़ से मानसून की आधिकारिक विदाई के कुछ ही दिनों बाद राजधानी रायपुर में मौसम ने अचानक करवट ली। बुधवार दोपहर बाद आसमान में बादल छाए और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश में मौसम का ऐसा ही मिजाज बने रहने की संभावना है।

दिन की शुरुआत में राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहा और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बाद दोपहर बाद अचानक बादल घिर आए। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हुई और शहर के कुछ हिस्सों में बारिश होने लगी। हालांकि, सभी इलाकों में एक जैसी स्थिति नहीं रही। कई जगह धूप भी खिली रही।

चक्रवाती घेरे ने बदला मौसम

मौसम में इस अचानक बदलाव के पीछे मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बताया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय सिस्टम के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला।

इसका असर दुर्ग में भी दिखाई दिया, जहां दोपहर में अच्छी बारिश हुई। इससे पहले बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम समेत कुछ अन्य क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई।

 रायपुर के कई इलाकों में गिरे ओले

राजधानी के माना क्षेत्र में कुछ देर तक बारिश हुई, जबकि सड्डू इलाके में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई हिस्सों में बादल गरजते रहे तो कुछ इलाकों में धूप भी निकलती रही।

मौसम के इस बदलाव ने मानसून की विदाई के बाद बढ़ी गर्मी के बीच लोगों को चौंका दिया है।

 आज और कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक गुरुवार को भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है।

बताया गया है कि शुक्रवार के बाद संबंधित सिस्टम के कमजोर होने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में दिन के समय तेज धूप और रात के दौरान अपेक्षाकृत ठंडक का दौर बना हुआ है।

यानी मानसून की विदाई के बावजूद मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है और अगले एक-दो दिनों तक स्थानीय स्तर पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवा जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here