Home छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग की अजब पदस्थापना: जहां शिक्षक की जरूरत, वहां पद खाली…...

शिक्षा विभाग की अजब पदस्थापना: जहां शिक्षक की जरूरत, वहां पद खाली… छुरा में एक ही विषय के दो व्याख्याता!

0

लाटापारा हाईस्कूल एक शिक्षक के भरोसे, सेजेस छुरा में जीव विज्ञान के दो-दो व्याख्याता पदस्थ — ग्रामीणों में आक्रोश, चक्काजाम की तैयारी

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- जिले की शिक्षा व्यवस्था में पदस्थापना को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर मैनपुर विकासखंड का लाटापारा हाईस्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है और एक शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालित होने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर सेजेस स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल छुरा में जीव विज्ञान विषय के दो-दो व्याख्याताओं की पदस्थापना कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार सेजेस स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल छुरा में जीव विज्ञान की व्याख्याता मनीषा गोयल की पोस्टिंग पहले से ही मंत्रालय स्तर से हो चुकी है। इसके बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार चंद्राकर द्वारा जीव विज्ञान के व्याख्याता श्री ध्रुव की पदस्थापना भी इसी स्कूल में कर दी गई।

बताया जा रहा है कि श्री ध्रुव जिला शिक्षा अधिकारी के विकल्प में आए थे और उन्हें मैनपुर विकासखंड के लाटापारा हाईस्कूल में पदस्थ किया जाना था। इसके बावजूद उनकी पदस्थापना छुरा के उसी स्कूल में कर दी गई, जहां पहले से ही जीव विज्ञान विषय की व्याख्याता मौजूद हैं।

लाटापारा में शिक्षक का इंतजार, छुरा में दो व्याख्याता

एक तरफ लाटापारा हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण लंबे समय से स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की मांग कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर छुरा के स्कूल में एक ही विषय के दो व्याख्याताओं की पदस्थापना ने विभाग की शिक्षक वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी के बावजूद जरूरत के मुताबिक पदस्थापना नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश, चक्काजाम की तैयारी

लाटापारा के ग्रामीण शिक्षकों की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अब ग्रामीणों द्वारा शिक्षकों की मांग को लेकर चक्काजाम की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में शिक्षा विभाग को तत्काल लाटापारा हाईस्कूल की स्थिति सुधारते हुए आवश्यक शिक्षकों की पदस्थापना करनी चाहिए।

शिक्षा विभाग की इस पदस्थापना व्यवस्था से एक ओर जरूरतमंद स्कूल शिक्षक के लिए तरस रहा है, तो दूसरी ओर एक ही स्कूल में एक ही विषय के दो व्याख्याता पदस्थ हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़े इस मामले में विभाग को तत्काल संज्ञान लेते हुए लाटापारा हाईस्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की पदस्थापना करनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here