संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : सिहावा स्थित प्रसिद्ध शीतला शक्ति पीठ में शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में शीतला समिति सिहावा के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें शारदीय नवरात्रि महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा।
समिति ने सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा से मुलाकात कर नवरात्रि पर्व का आमंत्रण दिया।
जनप्रतिनिधियों ने समिति के पदाधिकारियों से नवरात्रि की तैयारियों की जानकारी ली।शीतला शक्ति पीठ में नवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा दर्शन, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
शीतला समिति अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने बताया कि 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ होगा। इसी दिन दोपहर से घट स्थापना किया जाएगा। नवरात्रि के पँचमी से सप्तमी तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के उद्देश्य से नवरात्रि के तीसरे दिन से नवमी तक प्रतिदिन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जनप्रतिनिधियों से भेट के दौरान समिति अध्यक्ष नरेंद्र नाग,उपाध्यक्ष राम लाल नेताम, सचिव नारद निषाद, भरत निर्मलकर,सचिन भन्साली,तुकाराम साहू आदि की उपस्थिति रही।




