Home छत्तीसगढ़ ट्रक का खलासी बना पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा, कोरबी...

ट्रक का खलासी बना पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा, कोरबी बाजार में दबोचा गया स्थाई वारंटी

0

रायपुर-इंदौर रूट पर ट्रकों में छिपकर काट रहा था फरारी, मुखबिर की सूचना पर कोरिया पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

बैकुंठपुर : पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए पहचान और ठिकाने बदलकर रायपुर से इंदौर के बीच ट्रकों में खलासी बनकर फरारी काट रहे स्थाई वारंटी को आखिरकार कोरिया पुलिस ने दबोच लिया। लंबे समय से फरार चल रहे राजेंद्र कुमार गोंड उर्फ रघुनाथ (30 वर्ष) को पुलिस टीम ने कोरबी के साप्ताहिक बाजार से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

राजेंद्र कुमार गोंड ग्राम तनेरा, चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा का निवासी है। उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय से स्थाई वारंट जारी था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। बताया गया कि वह रायपुर-इंदौर रूट पर चलने वाले ट्रकों में खलासी का काम कर फरारी काट रहा था।

मुखबिर की सूचना ने खोला ठिकाना

स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को आरोपी के कोरबी बाजार में पहुंचने की सटीक सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और बाजार में मौजूद आरोपी को पकड़ लिया। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

जिले से बाहर छिपे वारंटियों पर भी पुलिस की नजर

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में कोरिया पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के अलावा संभाग और राज्य से बाहर छिपकर रह रहे वारंटियों की भी जानकारी जुटाकर उनकी धरपकड़ की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में चौकी पोड़ी-बचरा के प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, आरक्षक राजेश पाण्डेय, आरक्षक सूरज यादव, महिला आरक्षक विजय कुमारी तथा साइबर सेल के आरक्षक अमरेशानन्द एवं सजल जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here