Home छत्तीसगढ़ मनेंद्रगढ़ में दो कबाड़ गोदामों पर पुलिस का छापा, 13 क्विंटल अवैध...

मनेंद्रगढ़ में दो कबाड़ गोदामों पर पुलिस का छापा, 13 क्विंटल अवैध लोहा कबाड़ जब्त

0

राजू और चुनमुन कबाड़ी के गोदामों में मिली लाखों की नहीं, बल्कि 32,750 रुपये की कबाड़ सामग्री; खरीदी-बिक्री के दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालकों के कर्मचारी व परिजन

मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, कबाड़ के वास्तविक मालिक और स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

मनेंद्रगढ़। जिले में चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने 13 अक्टूबर को दो कबाड़ गोदामों में छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 13 क्विंटल लोहा कबाड़ जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 32,750 रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से कबाड़ कारोबार में अवैध गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले को मुखबिर से सूचना मिली कि मनेंद्रगढ़ के मौहारपारा स्थित राजू कबाड़ी तथा चनवारीडांड स्थित चुनमुन कबाड़ी के गोदामों में अवैध रूप से लोहा कबाड़ रखा गया है।

दो गोदामों में दबिश, 13 क्विंटल कबाड़ जब्त

सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों गोदामों में दबिश दी।

पहली कार्रवाई मौहारपारा स्थित राजू कबाड़ी के गोदाम में की गई। यहां से लगभग 4 क्विंटल लोहा कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10,000 रुपये बताई गई है। मौके पर मौजूद मैनेजर राजा मानिकपुरी से कबाड़ की खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस टीम ने चनवारीडांड स्थित चुनमुन कबाड़ी के गोदाम में छापेमार कार्रवाई की। यहां से लगभग 9 क्विंटल लोहा कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 22,750 रुपये आंकी गई है। मौके पर मौजूद चुनमुन कबाड़ी के भाई सलमान को कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन वह भी खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।

कबाड़ कहां से आया, पुलिस कर रही जांच

दोनों गोदामों से जब्त किए गए कुल 13 क्विंटल लोहा कबाड़ की कीमत 32,750 रुपये बताई गई है। पुलिस अब जब्त सामग्री के वास्तविक मालिक, उसके स्रोत और खरीदी-बिक्री से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की नजर

मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध कबाड़ कारोबार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here