बेमेतरा : ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और हुनर से क्षेत्र का मान बढ़ाया है। बेरला विकासखंड के ग्राम बारगांव और देवरी के चार विद्यार्थियों का चयन 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। रायपुर में 15 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में चारों खिलाड़ी अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में दुर्ग जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राजनांदगांव में आयोजित संभाग स्तरीय चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का अवसर मिला है। चयनित खिलाड़ी शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत हैं और व्यायाम शिक्षिका एवं हॉकी कोच तुलसी साहू के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीख रहे हैं।
भूषण, प्रकाश, गूंजा और अनन्या का हुआ चयन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित चार खिलाड़ियों में दो बालक और दो बालिकाएं शामिल हैं।
- भूषण साहू – कक्षा आठवीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरी
- प्रकाश प्रजापति – कक्षा आठवीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारगांव
- गूंजा साहू – कक्षा नौवीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव
- अनन्या निषाद – कक्षा आठवीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारगांव
चारों खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दुर्ग जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर चयन के बाद खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभ्यास तेज कर दिया है।
कोच तुलसी साहू के मार्गदर्शन में कर रहे तैयारी
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में पदस्थ व्यायाम शिक्षिका एवं कोच तुलसी साहू के मार्गदर्शन में खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। सुबह और शाम मैदान पर पसीना बहाकर वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटे हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण और अवसरों के महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है। विद्यालय और क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि खिलाड़ी रायपुर में भी अपने प्रदर्शन से पहचान बनाएंगे।
प्राचार्य ने बताया गौरव का क्षण
विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने चारों विद्यार्थियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यालय और क्षेत्र के खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर पहुंचना गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय कोच तुलसी साहू की मेहनत और बच्चों के अनुशासित अभ्यास को देते हुए विश्वास जताया कि खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अच्छा प्रदर्शन कर दुर्ग जोन और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
संकुल समन्वयक ने भी दी बधाई
संकुल समन्वयक सुरेन्द्र पटेल ने कहा कि बारगांव और देवरी के शासकीय विद्यालयों से चार विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन पूरे अंचल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और कोच के प्रशिक्षण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से दूसरे विद्यार्थी भी खेलों के प्रति प्रेरित होंगे।
कोच को खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
कोच तुलसी साहू ने कहा कि खिलाड़ियों ने मैदान पर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास किया है। राजनांदगांव में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तर पर दुर्ग जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए खिलाड़ी रायपुर में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
चारों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




